CSK vs RCB: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2022 के 49वें मुकाबले में 13 रनों से शिकस्त दी। इस जीत के साथ RCB की प्लेऑफ की उम्मीद एक बार फिर जिन्दा हो गयी है वही, इस हार के साथ धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो गई है।
CSK vs RCB IPL 2022: आईपीएल में अपना 200वा मुकाबला खेल रहे चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) अपने इस मैच को यादगार नहीं बना सके। आईपीएल 2022 (IPL 2022) के 49वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 13 रन से हराया। धोनी ने टॉस जीतकर बैंगलोर को पहले बैटिंग करने का न्यौता दिया। मैच में (RCB vs CSK) आरसीबी ने पहले खेलते हुए 8 विकेट पर 173 रन बनाए। जवाब में सीएसके की टीम 8 विकेट पर 160 रन ही बना सकी।
डेवॉन कॉनवे ने लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक लगाया। लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके। आरसीबी की इस जीत में महिपाल लोमरोर के साथ हार्षल पटेल चमके। लोमरोर ने जहां 41 रन की शानदार पारी खेल टीम को 173 के स्कोर तक पहुंचाया। वहीं हर्षल पटेल ने तीन विकेट लेकर सीएसके को 160 रनों पर रोका। यह सीएसके की 10 मैचों में 7वीं हार है। इसी के साथ उसके प्लेऑफ की राह बेहद मुश्किल हो गई है। वहीं आरसीबी की 11 मैचों में छठी जीत है। इस जीत के साथ बैंगलोर चौथे स्थान पर पहुंच गई है। टीम को लगातार 3 हार के बाद पहली जीत मिली है।
174 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स को ऋतुराज गायकवाड़ (28) और डेवोन कॉनवे (56) ने एक बार फिर अच्छी शुरुआत दी थी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 6.4 ओवर में 54 रन जोड़े। लगातार दूसरे मैच में दोनों ने 50 से अधिक रन की साझेदारी की। ऋतुराज 23 गेंद पर 28 रन बनाकर बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद का शिकार हुए. नंबर-3 पर उतरे सीनियर बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा कुछ खास नहीं कर सके। वे 3 गेंद पर एक रन बनाकर ग्लेन मैक्सवेल का शिकार हुए। इसके बाद मोइन अली ने जरूर 34 रनों की पारी खेली मगर वह टीम को जिता नहीं पाए।
अंबाती रायुडू भी आज के मुकाबले में जल्दी पवेलियन लौट गए। वे 8 गेंद पर 10 रन बनाकर ग्लेन मैक्सवेल का शिकार हुए। इसके बाद कॉनवे लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक लगाकर लेग स्पिनर वानिंदु हसारंगा की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने 37 गेंद पर 56 रन बनाए। 6 चौका और 2 छक्का लगाया। टीम को अंतिम 5 ओवर में 56 रन बनाने थे और 6 विकेट हाथ में थे। पारी का 16वां ओवर हर्षल पटेल डालने आए। उन्हाेंने ओवर में सिर्फ 4 रन दिए और रवींद्र जडेजा का बड़ा विकेट भी लिया। उन्होंने 5 गेंद पर 3 रन बनाए। 17वें ओवर में जोस हेजलवुड ने सिर्फ 5 रन दिए। अब सीएसके को 18 गेंद पर 47 रन बनाने थे। 18वां ओवर हर्षल ने डाला। पहली गेंद पर मोईन ने छक्का जड़ा, लेकिन वे अगली गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने 27 गेंद पर 34 रन बनाए। पटेल ने इस ओवर में सिर्फ 8 रन दिए।
अब सीएसके को 12 गेंद पर 39 रन बनाने थे। अब सबकी उम्मीद धोनी पर थी लेकिन 19वें ओवर पहली गेंद पर हेजलवुड ने धोनी को आउट करके सीएसके के फैंस की उम्मीदों को खत्म कर दिया। धोनी ने 3 गेंद पर 2 रन बनाए। इस ओवर में हेजलवुड ने केवल 8 रन दिए। अब CSK को जीत के लिए 6 गेंद पर 31 रन बनाने थे। 20वां ओवर हर्षल पटेल ने डाला। प्रिटोरियस ने पहली गेंद पर छक्का जड़ा। लेकिन दूसरी गेंद पर वे आउट हो गए। उन्होंने 8 गेंद पर 13 रन बनाए। इसके बाद स्पिनर तीक्षणा ने तीसरी गेंद पर छक्का लगाया और चौथी गेंद पर लेग बाई के रूप में 4 रन मिले। 5वीं गेंद पर रन नहीं बना। छठी गेंद पर एक रन बना। इसी के साथ CSK को RCB के हाथों 13 रन से हार का सामना करना पड़ा।
#RCB win by 13 runs and are now ranked 4 in the #TATAIPL Points Table.
Scorecard – https://t.co/qWmBC0lKHS #RCBvCSK pic.twitter.com/w87wAiICOa
— IndianPremierLeague (@IPL) May 4, 2022
इससे पहले सीएसके ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। RCB के कप्तान फाफ डुप्लेसी और विराट कोहली ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 7.2 ओवर में 62 रन जोड़े। इसके बाद टीम की पारी लड़खड़ा गई और टीम ने 79 रन पर 3 विकेट खो दिए। डुप्लेसी ने 22 गेंद पर 38 और कोहली ने 33 गेंद पर 30 रन बनाए। मैक्सवेल 3 रन बनाकर रन आउट हुए। RCB के लिए रजत पाटीदार ने 21 और दिनेश कार्तिक ने 26* रन की पारी खेली।
इसके बाद टीम की पारी को लेफ्ट हैंड बैट्समेन महिपाल लोमराेर ने संभाला। महिपाल लोमराेर ने 27 गेंद पर धमाकेदार 42 रनों की पारी खेली। उन्होंने 3 चौका और 2 छक्का लगाया। जिसकी बदौलत RCB ने चेन्नई के सामने 174 रनों का लक्ष्य रखा। सीएसके की ओर से तीक्षणा और ऑफ स्पिनर मोईन अली ने भी अच्छी गेंदबाजी की। मोइन अली को दो और महेश तीक्षाणा को 3 विकेट मिले।